बिलरियागंज पुलिस ने नहर पुलिया के पास दबोचा, गैंगस्टर एक्ट में चल रहा था फरार
आजमगढ़: अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. गुड्डू पुत्र मो. हाशिम निवासी ग्राम अलाउद्दीनपट्टी, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ को मुखबिर की सूचना पर गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त एक ऐसे संगठित गिरोह से जुड़ा है, जो मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था। गिरोह की गतिविधियों से लोक व्यवस्था एवं सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा था। इसी आधार पर थाना बिलरियागंज में उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में अभियुक्त काफी समय से वांछित चल रहा था। पुलिस अभिलेखों के अनुसार मो. गुड्डू के विरुद्ध आबकारी अधिनियम, चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, आयुध अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं समेत कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल गांधी यादव, कांस्टेबल छट्ठू साहनी तथा रिजर्व कांस्टेबल कुलदीप पाण्डेय की टीम शामिल रही।
Blogger Comment
Facebook Comment