खेत में शौच के लिए गए थे, महराजगंज थाना क्षेत्र में सुबह हुई घटना
आजमगढ़: महाराजगंज थाना क्षेत्र के कोलहटा कमाल ग्राम सभा में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिसके निधन से परिजनों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार कोलहटा कमाल निवासी 50 वर्षीय धर्मराज राजभर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे खेत में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बादलों की तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी। तभी धर्मराज आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। बिजली का प्रभाव इतना तेज था कि उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक राहगीर ने धर्मराज को बिजली की चपेट में आते देखा और तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि धर्मराज राजभर अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की अभी शादी भी नहीं हुई है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Blogger Comment
Facebook Comment