वाराणसी निवासी आरोपी ने फर्जी टीटी आईडी कार्ड बना कर युवक को ठगा
आजमगढ़: नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को कंधरापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रेलवे में टीटी के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ऐंठ लिए थे। विश्वास जीतने के लिए उसने फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार थाना कंधरापुर क्षेत्र के इसहाकपुर गांव निवासी जनार्दन यादव पुत्र स्वर्गीय बहोर यादव ने 7 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक ने विभिन्न माध्यमों से कुल 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ले लिए। नौकरी न मिलने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। मामले में थाना कंधरापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 व 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान शुक्रवार को उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मद्धेशिया और उनकी टीम ने आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र विनोद कुमार श्रीवास्तव निवासी मकान नंबर 5/35 पी-2-पी, कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पांडेयपुर, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 40 वर्ष को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से सुबह करीब 8:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मद्धेशिया, आरक्षी नीरज कुमार यादव तथा आरक्षी अभिषेक कुमार गौड़ शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता और प्रमाणिकता की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।
Blogger Comment
Facebook Comment