.

आजमगढ़: ऑटो में महिलाओं को निशाना बनाने वाला गिरोह धराया,दो महिलाएं गिरफ्तार


तीन थाना क्षेत्र की चोरी की घटनाओं का खुलासा,एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

आजमगढ़: जिले में ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं के गहने और नगदी चोरी करने वाली महिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना फूलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण और नगदी भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह फूलपुर, गंभीरपुर और कोतवाली थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के मुताबिक 10 मई 2026 को थाना फूलपुर क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराया गया था कि वादी की बहन ऑटो से अम्बारी से अपने गांव पलिया जा रही थी। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने उनका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें नगदी और आभूषण रखे थे। इस मामले में थाना फूलपुर पर मु0अ0सं0 165/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी तरह गंभीरपुर और कोतवाली थाना क्षेत्र में भी महिलाओं के बैग और गहने चोरी होने के मामले दर्ज थे।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चरन देवी पत्नी अनीश निवासी ग्राम गोला थाना गोला जनपद रोहतास, बिहार तथा सोनम पत्नी रुदल निवासी शांति नगर बस स्टैंड थाना टाउन जनपद बक्सर, बिहार का नाम प्रकाश में आने पर कार्रवाई तेज की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर की टीम ने 10 मई की शाम करीब 6:13 बजे मकसुदिया शिव मंदिर के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे ऑटो में बैठकर महिलाओं के गहने और नगदी चोरी करती थीं। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने चरन देवी के पास से एक पीली धातु का लॉकेट, चार बिछिया और 700 रुपये नगद बरामद किए। वहीं सोनम के पास से बिछिया, नाक की कील, पायल, झुमका और 2000 रुपये नगद बरामद हुए। बाल अपचारी के पास से भी पांच बिछिया और 200 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment