गलत खाते में ट्रांसफर हुई धनराशि को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर कराया वापस
आजमगढ़: थाना सिधारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साइबर फ्रॉड के शिकार एक पीड़ित को राहत मिली है। पुलिस की सक्रियता और साइबर सेल के समन्वय से पीड़ित के खाते में 30 हजार रुपये वापस कराए गए। साथ ही पुलिस ने आमजन को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील भी की है। थाना सिधारी क्षेत्र के भगमलपुर निवासी जगरोपन पाल पुत्र रामकरन पाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पैसे भेजते समय गलतीवश उनकी धनराशि किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो गई थी। इस संबंध में साइबर शिकायत संख्या 33110250131550 दर्ज की गई। शिकायत मिलने के बाद थाना सिधारी की साइबर टीम ने साइबर सेल आजमगढ़ से तकनीकी सहायता लेकर तत्काल कार्रवाई शुरू की। आवश्यक विधिक प्रक्रिया और लगातार समन्वय के बाद पीड़ित जगरोपन पाल के खाते में 30 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी गई। पुलिस ने पीड़ित समेत आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति या फर्जी कॉलर के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी अथवा निजी विवरण साझा न करें। ऑनलाइन लेन-देन पूरी सावधानी के साथ करें। पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें। साथ ही नजदीकी पुलिस स्टेशन स्थित साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विधनेश वर्मा एवं कांस्टेबल महेश कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
Blogger Comment
Facebook Comment