.

आजमगढ़: सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर कार्रवाई की मांग



भारत रक्षा दल ने अपर निदेशक चिकित्सा को सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़: सरकारी सेवा में तैनात डॉक्टरों द्वारा निजी अस्पतालों व स्वयं की क्लीनिक में प्राइवेट प्रैक्टिस किए जाने के विरोध में भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में अपर निदेशक चिकित्सा मंडल आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी डॉक्टर मनमाने ढंग से निजी अस्पतालों में प्रैक्टिस कर रहे हैं तथा कुछ डॉक्टरों और उनके दलालों द्वारा सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां मरीजों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ माह पूर्व माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर चिकित्सा सचिव द्वारा जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया था कि सरकारी डॉक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस न करने को लेकर शपथ पत्र लिया जाए। उनका आरोप है कि डॉक्टरों द्वारा शपथ पत्र तो दे दिया गया, लेकिन उसका पालन नहीं हो रहा है और पूरा मामला केवल कागजी औपचारिकता बनकर रह गया है।
भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का असर नहीं दिखाई देता है तो संगठन मंत्री और न्यायालय की शरण में जाएगा। वहीं अपर निदेशक चिकित्सा ने कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर इसका असर दिखाई देगा।
ज्ञापन देने वालों में धर्मवीर शर्मा, राजन अस्थाना, जैनेंद्र चौहान, हिमांशु सिंह, चंद्रप्रकाश मौर्य समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment