.

आजमगढ़: वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश, मुठभेड़ में बदमाश घायल,दो गिरफ्तार


तरवां पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई, चोरी का ट्रैक्टर-पिकअप, तमंचा, कारतूस व नकदी बरामद

आजमगढ़: थाना तरवां पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और पिकअप चोरी करने वाले गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, तमंचा, कारतूस, छह बोरी अनाज और नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार बदमाशों पर वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया और प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मौलानीपुर निवासी पूनम गिरी पत्नी सुरेन्द्र गिरी ने थाना तरवां में तहरीर देकर बताया था कि एक मई की रात उनके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। इस मामले में थाना तरवां पर मुकदमा संख्या 82/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
इसी क्रम में 11/12 मई की रात थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, चौकी प्रभारी रासेपुर उपनिरीक्षक रूपेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी बोगरिया उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा व पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर कुछ बदमाश कंचनपुर से बोगरिया मार्ग की ओर आ रहे हैं तथा उनके पास अवैध असलहे भी हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक पिकअप और ट्रैक्टर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो पिकअप चालक भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू पुत्र महेन्द्र निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी का ट्रैक्टर बरामद हुआ। घायल बदमाश को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरवां भेजा गया।
पुलिस ने दूसरे आरोपी अमित कुमार उर्फ धासू पुत्र वंशराम निवासी बारोडीह (सदरजहांपुर) थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की पिकअप, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये नकद बरामद किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तरवां में मुकदमा संख्या 92/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/5/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि उनका एक संगठित गैंग है, जो योजना बनाकर ट्रैक्टर, पिकअप और अन्य सामान चोरी करता है तथा चोरी का सामान बेचकर रुपये आपस में बांट लेता है। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने मौलानीपुर से ट्रैक्टर चोरी किया था। इसके अलावा देवगांव क्षेत्र के कोटा खुर्द से टैम्पो लोडर पर लदा गेहूं चोरी कर पिकअप में लादकर ले गए थे। होली से पहले पल्हना बाजार की एक परचून की दुकान से भी सामान चोरी किया था। वहीं बरामद पिकअप वाहन को 24/25 मार्च की रात चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश विनोद उर्फ सिंटू पर एनडीपीएस एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न थानों में 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमित कुमार उर्फ धासू पर आजमगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पंजीकृत हैं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment