.

आजमगढ़: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर 9.25 लाख की ठगी, आरोपी बिहार से गिरफ्तार


फर्जी क्यूआर स्कैनर बनाकर करता था साइबर फ्रॉड, दो मोबाइल व नकदी बरामद

आजमगढ़: ऑनलाइन गेमिंग एप “51GAME” के नाम पर 9.25 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन व 1900 रुपये नकद बरामद किया है। मामले में बीएनएस व आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी मनोज यादव पुत्र स्व. हरिश्चन्द्र यादव ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर बताया था कि ऑनलाइन गेमिंग एप “51GAME” के माध्यम से उनसे 9.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। इस पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा अपराध संख्या 01/2025 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस व 66सी/66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी अविनाश विजय पुत्र बिजय कुमार सिंह निवासी 439 खुनी गली शीतल टोला शिवगंज आरा भोजपुर बिहार व दूसरा पता जमीराबांध आरा भोजपुर बिहार का नाम प्रकाश में आया। साइबर क्राइम टीम ने बिहार पहुंचकर सात मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करता था। ठगी की रकम अलग-अलग खातों में मंगाकर अपने खाते में ट्रांसफर करता और नकद निकाल लेता था। आरोपी फर्जी दुकान व फर्म के नाम पर मर्चेंट क्यूआर स्कैनर तैयार कर उनका इस्तेमाल करता था और अन्य लोगों को भी उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन व 1900 रुपये नकद बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला निरीक्षक विभा पाण्डेय, उपनिरीक्षक योगेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल सभाजीत मौर्य, विकास कुमार यादव व संजय कुमार शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment