.

आजमगढ़: 50 हजार का इनामी चोर गिरफ्तार, गैंगेस्टर एक्ट में था वांछित


एसटीएफ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता

आजमगढ़: चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार सदस्य एवं 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे बिन्द्रा बाजार स्थित पटेल ढाबा के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना निजामाबाद क्षेत्र में वर्ष 2024 में लगातार चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। 20/21 अगस्त 2024 की रात सोढरी गांव निवासी रामअचल राय पुत्र रामजनक राय के घर का ताला तोड़कर चोरों ने हार, चैन, अंगूठियां, मंगलसूत्र समेत 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया था। इस मामले में थाना निजामाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद 1 सितंबर 2024 की रात फरिहा निवासी अरशद जमाल पुत्र रईश अहमद के घर से दो जोड़ी झाला, सोने की चैन और 48 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये गये थे। वहीं 2 दिसंबर 2024 को प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर के रसोईघर से गैस सिलेंडर, चूल्हा, ड्रम, भगोना, तवा और प्लेट चोरी हो गई थी। इन घटनाओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
विवेचना के दौरान 18 दिसंबर 2024 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शेरपुर तिराहा से अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली निवासी मुस्लिम पट्टी थाना निजामाबाद तथा रईस उर्फ लम्बू पुत्र इरशाद निवासी फरिहा थाना निजामाबाद को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चोरी का मंगलसूत्र, झाला, भगोना, प्लेट, गैस चूल्हा तथा 10 हजार रुपये बरामद हुए थे।
जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके आधार पर 29 जनवरी 2026 को थाना निजामाबाद में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरोह का लीडर अब्दुल वाहिद को बताया गया था, जबकि रईस उर्फ लम्बू फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 1 मई 2026 को पुलिस उप महानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान के तहत 8 मई 2026 को थानाध्यक्ष गम्भीरपुर अमित कुमार त्रिपाठी तथा एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रईस उर्फ लम्बू पुत्र इरशाद निवासी फरिहा थाना निजामाबाद को बिन्द्रा बाजार स्थित पटेल ढाबा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट समेत चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसटीएफ प्रयागराज के उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment