.

आजमगढ़: कोडीन कफ सिरप से खड़ा साम्राज्य ढहा, 50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त




विकास सिंह "नरवे" के लखनऊ फ्लैट की बुकिंग राशि फ्रीज; गांव का मकान भी कुर्क

आजमगढ़: जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए करीब 50.9 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त/फ्रीज कर दी गई है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन के पर्यवेक्षण में थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा की गई विवेचना में यह खुलासा हुआ कि अभियुक्त विकास सिंह उर्फ नरवे पुत्र नरसिंह निवासी ग्राम नरवे, थाना दीदारगंज/बरदह, जनपद आजमगढ़ ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से भारी संपत्ति अर्जित की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने अपने पैतृक गांव में करीब ₹27.25 लाख की लागत से मकान बनवाया। इसके अलावा उसने लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड परियोजना में एक फ्लैट बुक कराया, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹1.61 करोड़ बताई गई है। इस फ्लैट के लिए अभियुक्त द्वारा ₹23.64 लाख की अग्रिम धनराशि जमा की गई थी, जिसे अब फ्रीज कर दिया गया है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत ई-कोर्ट पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी (SAFEM/FOP) नई दिल्ली से आदेश प्राप्त किया। आदेश के बाद उक्त संपत्तियों पर विधिक रूप से जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
इस मामले में थाना दीदारगंज पर दर्ज मुकदमा संख्या 319/25 के तहत बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में पहले से ही अभियोग पंजीकृत है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें जौनपुर और वाराणसी में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment