बैंक व तकनीकी समन्वय से पीड़ित को मिली राहत, पुलिस ने जारी की सावधानी अपील
आजमगढ़: जनपद की साइबर सेल की तत्परता और सक्रिय कार्रवाई के चलते साइबर फ्रॉड के एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। पुलिस और बैंक के समन्वित प्रयास से ठगी गई ₹4,00,000 की पूरी धनराशि वापस कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम दुबकी, पोस्ट तोवा निवासी केहर सिंह यादव के बैंक खाते से 20 फरवरी 2026 को बिना जानकारी के अनधिकृत लेनदेन शुरू हो गए। मामले की जानकारी होते ही पीड़ित बैंक पहुंचा, जहां से उसे साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी गई। इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक नोडल अधिकारियों, पेमेंट गेटवे और अन्य संस्थाओं से त्वरित समन्वय स्थापित किया। तकनीकी और विधिक कार्रवाई के जरिए फ्रॉड की गई रकम को तत्काल होल्ड कराया गया। साइबर सेल और बैंक के संयुक्त प्रयास से खाते से निकली पूरी धनराशि ₹4 लाख सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश जयसवाल, कांस्टेबल राहुल सिंह, सत्येन्द्र यादव और श्यामकुमार साहनी की अहम भूमिका रही। पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही लोगों को सावधान करते हुए कहा गया है कि OTP, CVV, ATM या UPI PIN किसी से साझा न करें, अनजान लिंक या ऐप डाउनलोड करने से बचें और सोशल मीडिया या कॉल के माध्यम से मिलने वाले निवेश, लोन या KYC अपडेट जैसे झांसे में न आएं।
Blogger Comment
Facebook Comment