आरोपी पति हिरासत में, भाई की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
आजमगढ़: जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद बाजार में गुरुवार की रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब घर के बाहर महिला का शव देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका बंदना पुत्री रामलवट यादव निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद कीता प्रथम, थाना महराजगंज, जनपद आजमगढ़ की शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व तन्मय विश्वास निवासी हैदराबाद बाजार, थाना रौनापार के साथ हुई थी। आरोपी तन्मय विश्वास मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है और हैदराबाद बाजार में ही एक डिस्पेंसरी चलाता था। मृतका अपनी छह वर्षीय पुत्री तमन्ना के साथ पति के साथ रह रही थी। मृतका के भाई अजय यादव ने आरोप लगाया कि तन्मय विश्वास शराब के नशे में अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। गुरुवार की रात भी वह शराब पीकर घर आया और खाना मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान उसने बंदना की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा शराब के नशे में विवाद कर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पति तन्मय विश्वास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के भाई अजय यादव की तहरीर पर आरोपी पति तन्मय विश्वास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई है।
Blogger Comment
Facebook Comment