बीएलओ व अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर सूची में किया गया था नाम जोड़ने व हटाने का खेल
आजमगढ़: त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा कर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने के मामले में जीयनपुर पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने बीएलओ, सुपरवाइजर व अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम परिवर्धन और विलोपन किया था। मामले के अनुसार, तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक ने 16 मई को थाना जीयनपुर में तहरीर देकर बताया कि विकास खंड अजमतगढ़ से जमा की गई पंचायत चुनाव संबंधी पाण्डुलिपियों की जांच के दौरान कई दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर पाए गए। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने मिलीभगत कर बीएलओ, सुपरवाइजर व अधिकारियों के हस्ताक्षर फर्जी तरीके से तैयार कर मतदाता सूची में हेरफेर किया। इससे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित होने के साथ शासकीय क्षति भी हुई। इस मामले में थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 0220/2026 धारा 3(5), 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह द्वारा की जा रही है। शनिवार को उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह मय हमराह ने बागखालिस नहर पुलिया के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षय कुमार पुत्र रामबेलास निवासी छत्तरपुर दलेल थाना जीयनपुर, संतोष कुमार भाष्कर पुत्र दिलब निवासी जमुआ हरिराम थाना मुबारकपुर तथा नदीम अहमद पुत्र शमीम अहमद निवासी खालिसपुर थाना जीयनपुर शामिल हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह, कांस्टेबल बुटाई शाह, कांस्टेबल सत्यम सिंह, रिजर्व कांस्टेबल कर्णजीत विश्वकर्मा तथा महिला रिजर्व कांस्टेबल संजना राय शामिल रहीं।
Blogger Comment
Facebook Comment