पवई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बलुआ मोड़ तिराहे से दबोचा
आजमगढ़: पवई थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और अवैध धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में वांछित चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बलुआ मोड़ तिराहे से गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना पवई में तहरीर देकर बताया था कि उसकी पुत्री घर से लापता है तथा एक युवक द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। तहरीर के आधार पर थाना पवई में मु0अ0सं0 110/2026 धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान युवती को बरामद कर लिया गया। उसके बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 351(3), 64(1) बीएनएस तथा 3/5 उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म सम्परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई। विवेचना में अभियुक्त के रूप में मोहम्मद तबरेज पुत्र जावेद अहमद निवासी ग्राम ओरिल डिहवा थाना पवई जनपद आजमगढ़ का नाम प्रकाश में आया। शनिवार सुबह करीब 8:10 बजे वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल जी ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को बलुआ मोड़ तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद तबरेज पुत्र जावेद अहमद निवासी ग्राम ओरिल डिहवा थाना पवई जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 22 वर्ष के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक गोपाल जी और कांस्टेबल विकास यादव शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment