.

आजमगढ़: एसकेडी विद्या मंदिर में 3 दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर संपन्न





विद्यार्थियों को दी गई प्राथमिक चिकित्सा, टेंट, कुकिंग व स्काउटिंग की व्यवहारिक जानकारी

आजमगढ़: जहानागंज क्षेत्र के धनहुआं स्थित एसकेडी विद्या मंदिर में तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 14 मई 2026 को संयुक्त रूप से एसकेडी विद्या मंदिर एवं एसकेडी इंटर कॉलेज के तत्वावधान में किया गया। शिविर का उद्घाटन संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग का इतिहास, प्रार्थना एवं झंडा गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
शिविर के दूसरे दिन ध्वजारोहण के साथ प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को गांठ बंधन, स्काउट-गाइड प्रगतिशील प्रशिक्षण, सीटी संकेत, दिशाओं की जानकारी एवं हाइक आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। तीसरे दिन सर्वधर्म प्रार्थना, ध्वजारोहण, प्राथमिक चिकित्सा एवं सहायता, टेंट एवं कुकिंग की जानकारी तथा झंडे के महत्व पर प्रशिक्षण दिया गया। सायंकाल दीक्षा संस्कार (शपथ) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसके उपरांत आयोजित ओपन सेशन का शुभारंभ संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों के व्यक्तित्व विकास की कार्यशाला है। आजादी से लेकर अब तक देश की विषम परिस्थितियों में स्काउट-गाइड ने महत्वपूर्ण योगदान देकर राष्ट्र को आगे बढ़ाने में सहयोग किया है।
स्काउट प्रभारी अनंत सिंह एवं अनिल सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों का सर्वांगीण विकास करता है तथा उन्हें जीवन जीने की कला सिखाता है। कार्यक्रम में आयुश्री एवं स्नेहा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि अर्पिता, हर्षिता, स्नेहा एवं अनुष्का ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
स्काउट-गाइड प्रशिक्षण का संचालन वेद प्रकाश पाठक एवं गोविंद चौहान की देखरेख में सकुशल संपन्न हुआ। अंत में प्रधानाचार्य के.के. सरन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment