ऑटो में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा,उड़ीसा से ला कर गोरखपुर में बेचता था
आजमगढ़: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तहबरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑटो में गांजा छिपाकर उड़ीसा से गोरखपुर ले जा रहा था, जहां वह फुटकर बिक्री करता था। पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी अपने हमराह कांस्टेबल मिथिलेश शाह व कांस्टेबल मुकेश कुमार गुप्ता के साथ किशुनदासपुर अंडरपास के पास बैंक व संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति ऑटो से निजामाबाद की तरफ से आ रहा है, जिसके पास अवैध सामान हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सरदहां चौहान बस्ती मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम धीरज साव पुत्र रामप्रताप साव निवासी शाहपुर थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर तथा हाल पता गांधी रोड राउरकेला थाना प्लांट साइड जनपद सुंदरगढ़ उड़ीसा बताया। पुलिस द्वारा ऑटो की तलाशी लेने पर उसके पिछले हिस्से में रखे 12 पैकेटों से कुल 25 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से एक कार्बन कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन तथा 700 रुपये नगद भी बरामद किए गए। क्षेत्राधिकारी सगड़ी/बूढ़नपुर अनिल कुमार वर्मा की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा खरीदकर गोरखपुर ले जाकर ग्राहकों को बेचता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 72/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चंदौली जनपद के मुगलसराय थाने में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
Blogger Comment
Facebook Comment