.

आजमगढ़: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सपा सांसद आवास के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन



33 प्रतिशत आरक्षण का विरोध करने पर विपक्षी दलों पर साधा निशाना

आजमगढ़: नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किए जाने पर आक्रोशित भाजपा से जुड़ी सर्व समाज की महिलाओं ने मंगलवार को आजमगढ़ के सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव के अनवरगंज सेहदा स्थित आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री मंजू सरोज ने कहा कि महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत मिलने जा रहे 33 प्रतिशत आरक्षण का समाजवादी पार्टी समेत तमाम विपक्षी दलों ने विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है तथा अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी कोई उपकार नहीं, बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है। मंजू सरोज ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं अखिलेश यादव और धर्मेन्द्र यादव ने इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा डालने का कार्य किया है, जिसका जवाब महिलाएं आने वाले चुनावों में देंगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाएं सपा का आजमगढ़ समेत पूरे प्रदेश से सफाया करेंगी। प्रदर्शन के दौरान मंजू सरोज, विभा बर्नवाल, बबिता जसरा सरिया, उषा आर्या, वंदना गुप्ता, रानी चौरसिया, अंजना सिंह, मिथिलेश पांडेय, धर्मशीला, प्रगति सिंह, रेनू मौर्या, अनीता सिंह, जूही मद्धेशिया, पूनम शर्मा, साधना निषाद, प्रतिभा, ममता यादव, रोली चौहान, कविता, पूजा गुप्ता, रेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment