विजय सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुआ जटिल ऑपरेशन, मरीज पूरी तरह स्वस्थ
आजमगढ़: शहर के लक्षीरामपुर स्थित विजय सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी कर 35 वर्षीय युवक की बाईं जांघ से करीब 25 किलो का सौम्य ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है, जिससे परिजनों में खुशी का माहौल है। बताया गया कि युवक पिछले लगभग 10 वर्षों से इस गंभीर समस्या से जूझ रहा था। जांघ में लगातार बढ़ रहे मांस के कारण उसे चलने-फिरने में परेशानी के साथ पैर में सुन्नपन और कमजोरी की शिकायत रहने लगी थी। कई स्थानों पर इलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिलने पर परिजन मरीज को विजय सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्रसिद्ध अर्थो एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष त्रिपाठी की निगरानी में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. वरुण शुक्ला ने इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया। डॉक्टरों के अनुसार यह एक प्रकार का बिनाइन ट्यूमर (सौम्य गांठ) था, जो कैंसर की तरह शरीर के अन्य हिस्सों में नहीं फैलता, लेकिन आकार बढ़ने पर शरीर के महत्वपूर्ण अंगों और नसों पर दबाव बना देता है। डॉक्टरों ने बताया कि ट्यूमर ने मरीज की महत्वपूर्ण नस और फेमोरल आर्टरी को दबा रखा था, जिसके कारण पैर में सुन्नपन और कमजोरी आ रही थी। कई घंटे चले ऑपरेशन के बाद ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और तेजी से रिकवर कर रहा है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों की टीम का आभार जताया।
Blogger Comment
Facebook Comment