जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
आजमगढ़: सर्किट हाउस में शुक्रवार को प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने गर्मी के मद्देनजर जारी एडवाइजरी, बचाव उपायों, गेहूं खरीद की प्रगति तथा बाढ़ से निपटने की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को सतर्क रखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाया जा रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनहित के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से सीधे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर तेजी से पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को तत्काल लाभ मिल सके। मंत्री ने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि अधिकारी नियमित फील्ड विजिट कर योजनाओं की जमीनी हकीकत परखें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही जनसंपर्क मजबूत कर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग परिणाम आधारित कार्यप्रणाली अपनाएं और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे। जिन परियोजनाओं में बाधाएं आ रही हैं, उनका तत्काल समाधान कर विभागीय समन्वय को मजबूत किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। पारदर्शिता के साथ जवाबदेही तय करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के समग्र विकास को गति दी जाए। इस मौके पर सदस्य विधान परिषद राम सूरत राजभर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, विनोद राजभर, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, अरविंद जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment