गौआश्रय स्थल की व्यवस्था मिली संतोषजनक, गेहूं क्रय केंद्र की अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
आजमगढ़: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को विकास खण्ड पल्हनी क्षेत्र में गौआश्रय स्थल तमौली, गेहूं क्रय केंद्र/बहु उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड हुसेनगंज एवं प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां गौआश्रय स्थल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं गेहूं क्रय केंद्र पर अव्यवस्था देख जिलाधिकारी सख्त नजर आए। गौआश्रय स्थल तमौली के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं—पानी, भूसा, हरा चारा एवं साफ-सफाई—का बारीकी से निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों की सराहना करते हुए इसी प्रकार निरंतर देखभाल बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी हुसेनगंज स्थित गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे, जहां भंडारण व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। कई गेहूं के बोरे फटे हुए एवं अव्यवस्थित ढंग से रखे मिले। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और क्रय कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रय रजिस्टर की भी जांच की और पंजिका में दर्ज कृषकों आनंद कुमार व राकेश कुमार के अभिलेखों का मिलान कर सत्यापन किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज पहुंचे, जहां वे शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा 4 के बच्चों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। 7 गुणा 7 का उत्तर बच्चों ने सही बताते हुए 49 बताया, जिस पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। उन्होंने कक्षा 1 और 2 के छात्रों से पुस्तकें पढ़वाकर उनके ज्ञान स्तर का आकलन किया तथा उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण कर शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली। मिड डे मील की गुणवत्ता के बारे में भी बच्चों से पूछा, जिस पर छात्रों ने बताया कि आज खिचड़ी परोसी गई है। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा भी दी जाए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment