.

आजमगढ़: फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, ऑपरेशन में लापरवाही से महिला की हालत बिगड़ी


अवैध नर्सिंग होम चला रहा था आरोपी, अतरौलिया पुलिस ने पकड़ा

आजमगढ़ : अतरौलिया थाना क्षेत्र में फर्जी डॉक्टर बनकर इलाज करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित कर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे की जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को मान्यता प्राप्त चिकित्सक बताकर अवैध रूप से मरीजों का इलाज करता था। इसी दौरान एक महिला का डीएनसी ऑपरेशन करते समय लापरवाही बरती गई, जिससे उसकी आंत को गंभीर क्षति पहुंची और उसकी जान खतरे में पड़ गई। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी फर्जी चिकित्सकीय डिग्री के आधार पर अवैध रूप से चिकित्सा कार्य कर रहा था। इस संबंध में थाना अतरौलिया पर मु0अ0सं0 402/25 के तहत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे उपनिरीक्षक देवीशंकर पाण्डेय मय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पीजीआई तिराहा अतरौलिया से आरोपी मुकेश यादव पुत्र स्व. सोनई निवासी बसहिया थाना अतरौलिया जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 37 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवीशंकर पाण्डेय व कांस्टेबल हेमचन्द्र, थाना अतरौलिया रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध चिकित्सा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment