मारवाड़ी युवा मंच की पहल, 12 अप्रैल को होगा कृत्रिम अंगों का वितरण
आजमगढ़: शहर स्थित श्री मारवाड़ी धर्मशाला में शुक्रवार को मारवाड़ी युवा मंच शाखा आजमगढ़ द्वारा चतुर्थ निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर मंडलायुक्त अर्चना द्विवेदी व अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर एसपी ग्रामीण चिराग जैन, एसपी सिटी मधुबन सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर शुभम तोदी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक आशीष खंडेलिया ने बताया कि शिविर में करीब 100 से अधिक दिव्यांग भाई-बहनों का कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के लिए पंजीकरण किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत दुपट्टा व बुके देकर किया गया। शाखा अध्यक्ष अविनाश जालान ने बताया कि पंजीकृत दिव्यांगों के अंगों का नाप लेकर कार्यशाला में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। तैयार कृत्रिम अंगों का वितरण 12 अप्रैल को किया जाएगा। पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु रुंगटा ने मंच के इतिहास व विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ सदस्य श्यामसुंदर डालमिया ने सभी अतिथियों व आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अशोक शर्मा, अशोक रुंगटा, अजीत रुंगटा, अनिल रुंगटा, अभयनाथ जालान, दीपक अडूकिया, अशोक खंडेलिया, मनोज खेतान, संजय डालमिया, सुनील अग्रवाल, मुकुल अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, श्रेय अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, सौरभ डालमिया, प्रत्यूष डालमिया, हिमांशु डालमिया, आकर्ष अडूकिया, आकाश बैरसिया, विशाल गोयनका, विजय शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। नारीशक्ति के रूप में बबीता जसरासरिया, सुषमा सराफ, पायल जालान, लक्ष्मी खंडेलिया व रुपाली रुंगटा की सहभागिता रही।
Blogger Comment
Facebook Comment