फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल, तमंचा-नकदी व बाइक बरामद
आजमगढ़, 11 अप्रैल। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। देवगांव व कप्तानगंज थाना पुलिस ने लूट/छिनैती गैंग के एक शातिर अपराधी तथा हत्या कांड के मुख्य वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। देवगांव थाना क्षेत्र में हुई छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने शनिवार को एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आंगन ढाबा के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त राहुल यादव पुत्र स्व. समर बहादुर यादव निवासी मौधा थाना खानपुर जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 28 वर्ष है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह लोगों को बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थानों पर ले जाकर तमंचे के बल पर नकदी व सामान लूट लेता था। उसके पास से देशी तमंचा .315 बोर, खोखा कारतूस, ₹15,000 नकद, स्प्लेंडर बाइक, जियो मोबाइल व आधार कार्ड की प्रतियां बरामद हुई। वहीं कप्तानगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जफरामऊ बाग के खंडहर में छिपा है। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त राजू निषाद पुत्र खोभारी निषाद निवासी ग्राम पियरिया थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 45 वर्ष है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। उसके पास से देशी तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment