बड़सरा खालसा सीएचसी दो माह में पूरा करने का निर्देश, साप्ताहिक रिपोर्ट मांगी
आजमगढ़ : मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बड़सरा खालसा स्थित 30 शैया निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति धीमी और असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद ठेकेदार को फटकार लगाई। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर दो माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही निर्माण संस्था को निर्देशित किया गया कि कार्य की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से सीएमओ कार्यालय को भेजी जाए, ताकि कार्य की निरंतर निगरानी सुनिश्चित हो सके। सीएमओ ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीधे जनहित से जुड़ी है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराया जाना अनिवार्य है।
Blogger Comment
Facebook Comment