.

आजमगढ़: विपक्ष पर आरोपों की बारिश कर सीएम योगी ने गिनाए जिले में अपने काम



पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सपा और कश्मीर में दो संविधान पर कांग्रेस को घेरा

पूर्व में जिले की पहचान पर संकट और खुद की सरकार में बेहतर होने का किया दावा

भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था,सपा ने तो राम भक्तों पर गोलियां चलवा दीं - योगी

आजमगढ़: कार्यक्रम भले ही एक सेंटर के उद्घाटन का रहा, लेकिन जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर सियासी घेराबंदी से दूर नहीं दिखे। उन्होंने विपक्ष पर आरोपों की बारिश के बीच अपनी सरकार की उपलब्धियों को एक-एक कर गिनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अध्योध्या में राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था, लेकिन कांग्रेस और सपा उसमें बाधक बन रही थीं। वह चाहतीं तो राममंदिर कबका बन गया होता, लेकिन सपा ने तो राम भक्तों पर गोलियां चलवा दीं। आज भाजपा ने करोड़ों लोगों के उस सपने को पूरा कर दिखाया। इसके साथ ही आजमगढ़ के महत्व पर भी चर्चा की। कहा कि इस जिले का अपना अलग महत्व रहा है। ऋषि-मुनियों और साहित्यकारों की यह धरती आजादी के आंदोलन में भी आगे रही है। वीर कुंवर सिंह ने यहां से फिरंगियों को भगाया था। बताया कि इस जिले से मुख्यमंत्री बनने से पहले से जुड़ा हूं। यहां के लोगों ने प्रदेश को मुख्यमंत्री तो दिया, लेकिन उन्होंने जिले के लिए कुछ नहीं किया। आज डबल इंजन की सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी दी है। वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर की दूरी कम हो गई है। समय की भी बचत हो रही है।
कहा कि विपक्ष ने महाराजा सुहेलदेव को भुला दिया और हमने उनके नाम पर विश्वविद्यालय दिया। शहरी आवास योजना के लिए आजमगढ़ प्राधिकरण को चार सौ करोड़ दिया, जिसमें कामर्शियल कांप्लेक्स आदि भी होगा। एयरपोर्ट का विकास किया और मंत्रियों व पदाधिकारियों की ओर से दिए गए मार्गों के निर्माण को स्वीकृत किया।
बताया कि हरहिरपुर में कला की चार विधाएं हैं, लेकिन उसके विकास के लिए किसी ने ध्यान नहीं दिया, जबकि कला के विकास के लिए हमने संगीत महाविद्यालय की स्थापना कराई। कहा कि एक समय वह भी था जब जिले के लोगों को बाहर में कमरा और धर्मशाला नहीं मिलता था, लेकिन आज कमरा के साथ सम्मान भी मिल रहा है। यह सब जिले के विकास के कारण हो सका है। विपक्ष पर हमलावर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा देश को प्रथम मानती है, जबकि सपा और कांग्रेस अपने परिवार को। सपा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और विश्वविद्यालय का निर्माण करा सकती थी, लेकिन नहीं किया। कांग्रेस के कश्मीर में धारा 370 लागू करने के कारण वहां संविधान लागू नहीं हो पा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने वहां पर डाक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और बाबा साहेब के सपनों को साकार किया है।
कहा कि विपक्ष के एजेंडे में विकास और गरीब नहीं हैं। आज डबल इंजन की सरकार ने ओडीओपी के माध्यम से तीन करोड़ लोगों को रोजगार से जोड़ा है। महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया, हर घर को शौचालय, उज्जवला गैस कनेक्शन, बिजली, राशन और स्वास्थ्य लाभ की योजनाएं संचालित की गईं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment