मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर वसूले लाखों रुपये, साइबर टीम ने गोरखपुर से दबोचा
आजमगढ़ : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी साइबर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गोरखपुर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। महाराजगंज क्षेत्र के झोटीपुर निवासी नागेंद्र मिश्र को जनवरी 2025 में फोन कर खुद को साइबर अधिकारी बताने वाले आरोपी ने मनी लॉन्ड्रिंग में केस दर्ज होने का भय दिखाया। इसके बाद मामले को खत्म कराने के नाम पर उनसे करीब 34.87 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा करा लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका था। आगे की जांच में गोरखपुर निवासी आदिल हुसैन का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने 8 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य ठगी की रकम अपने खातों में मंगाकर यूपीआई के माध्यम से अन्य साथियों को भेज देते थे और बाद में नकदी निकलवाकर आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था। निरीक्षक विभा पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रसाद यादव, कांस्टेबल एजाज खान, सभाजीत मौर्य, विकास कुमार व महिपाल यादव की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Blogger Comment
Facebook Comment