स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता व साफ-सफाई का लिया जायजा
आजमगढ़ : प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने गुरुवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान कोइनहा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। डिप्टी सीएम ने पैथोलॉजी कक्ष में जांच प्रक्रिया, रिपोर्ट व पंजिका का अवलोकन किया। इसके बाद महिला वार्ड, इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग रूम व सामान्य वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सकों व कर्मचारियों को बेहतर सेवाएं देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर समस्याएं जानीं और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुशील अग्रहरि को सभी मरीजों का तत्काल उपचार व दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीएचसी परिसर स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में ओपीडी पंजिका का अवलोकन कर प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साफ-सफाई व व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने अधिकारियों की सराहना की। डिप्टी सीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि पीएचसी कोइनहा की तर्ज पर जनपद के सभी सीएचसी, पीएचसी, जिला व मंडलीय चिकित्सालयों का दो माह के भीतर मेंटीनेंस कर उन्हें बेहतर बनाया जाए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनपद में जल्द ही न्यूरो सर्जन की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश में वर्तमान में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है। दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ने ग्राम बड़सरा खालसा पहुंचकर एमएलसी विजय बहादुर पाठक के पिता राधेश्याम पाठक के निधन पर शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिजनों से मिलकर संवेदना जताई। इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment