परिचित ने ही दिया धोखा, पुलिस की तत्परता से पूरी रकम हुई बरामद
आजमगढ़: कोतवाली थाना क्षेत्र में एटीएम और यूपीआई के जरिए की गई साइबर ठगी का पुलिस ने खुलासा करते हुए पीड़िता की पूरी ₹3.25 लाख की रकम वापस करा दी। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंच बन सकी। अराजीबाग निवासी रीना प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके एटीएम कार्ड का दुरुपयोग कर खाते से बड़ी रकम निकाल ली गई। मामले की जांच में सामने आया कि उनके ही परिचित सठियांव निवासी आशीष कुमार प्रजापति ने एटीएम कार्ड हासिल कर पिन जनरेट किया और ओटीपी के जरिए यूपीआई आईडी बनाकर किस्तों में पूरी रकम निकाल ली। कोतवाली पुलिस की साइबर टीम ने डिजिटल ट्रांजैक्शन का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरी धनराशि पीड़िता को वापस दिला दी। पुलिस ने बताया कि ठग अक्सर ओटीपी, पिन, फर्जी केवाईसी, क्यूआर कोड और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए लोगों को शिकार बनाते हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंकिंग जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक/कॉल से दूर रहें और केवल आधिकारिक ऐप का ही इस्तेमाल करें। अगर खाते से बिना जानकारी पैसे कटें तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगु, कांस्टेबल नीरज पटेल व कांस्टेबल विवेक कुमार साहू की टीम ने मामले का सफल अनावरण किया।
Blogger Comment
Facebook Comment