डीएम के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापेमारी, कई दुकानें सीज,फरार हुए संचालक
आजमगढ़, 08 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के सख्त निर्देश पर जनपद में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। बुढ़नपुर, मेहनगर और सदर (जहानागंज) क्षेत्रों में औचक निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान कई मेडिकल स्टोर संचालक टीम को देखते ही दुकानें खुली छोड़कर फरार हो गए। निरीक्षण में बिना लाइसेंस दवा बिक्री, एक्सपायर और प्रतिबंधित दवाएं मिलने पर संबंधित दुकानों को सीज कर दिया गया। तहसील बुढ़नपुर में 100 बेड अस्पताल अतरौलिया के पास तीन मेडिकल गुमटियों की जांच की गई। यहां अवैध रूप से दवा बिक्री सामने आई। गुमटियों में मिली दवाओं को कार्टन में भरकर सील किया गया और आगे की कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को सौंप दिया गया। मेहनगर क्षेत्र में अंकित मेडिकल स्टोर, नंदिनी मेडिकल हॉल और आयुष मेडिकल स्टोर पर निरीक्षण के दौरान एक्सपायर व प्रतिबंधित दवाएं पाई गईं। आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर स्टोर सीज कर दवाएं जब्त कर ली गईं। सदर तहसील के जहानागंज क्षेत्र में एक गुमटी से करीब 8234 रुपये मूल्य की 20 प्रकार की दवाएं बरामद हुईं। दस्तावेज न मिलने पर दवाएं जब्त कर ली गईं, जबकि संचालक मौके से फरार हो गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस एलोपैथिक दवाओं का विक्रय औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। डीएम ने निर्देश दिया है कि जनपद की सभी तहसीलों में यह अभियान लगातार जारी रखा जाए। जहां भी बिना लाइसेंस दवा बिक्री या एक्सपायर/प्रतिबंधित दवाएं मिलेंगी, वहां सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए दुकानों को सीज किया जाएगा। संयुक्त कार्रवाई की खबर फैलते ही पूरे जनपद में अवैध मेडिकल स्टोरों के शटर गिरने लगे। जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की इस सख्ती की आम लोगों ने सराहना की ।
Blogger Comment
Facebook Comment