.

आजमगढ़: मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच डीएम ने फसल बीमा कंपनियों को दिए सख्त निर्देश


कहा,किसानों की सुरक्षा सर्वोपरि, नुकसान पर त्वरित सर्वे और शीघ्र भुगतान के निर्देश


आजमगढ़: 08 अप्रैल 2026:जनपद में बदलते मौसम के चलते आंधी, वर्षा, लू और आगजनी जैसी संभावित आपदाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने फसल बीमा योजना से जुड़ी सभी बीमा कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपदा की स्थिति में किसानों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए।
डीएम ने कहा कि फसल, पशुधन या अन्य कृषि संबंधी नुकसान की स्थिति में बीमा कंपनियां पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करें। नुकसान का तुरंत सर्वे कराया जाए और पात्र किसानों को बिना देरी के मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि बीमा कंपनियां अपनी क्षेत्रीय टीमों को सक्रिय रखें, ताकि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर नुकसान का सही आकलन किया जा सके और निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से दावा निस्तारण हो। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि मौसम की अनिश्चितता के चलते किसानों की फसल को नुकसान का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में बीमा कंपनियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और किसानों को असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। डीएम ने दोहराया कि आपदा की स्थिति में किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फसल बीमा योजना का मकसद ही प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना है, इसलिए कंपनियां पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाएं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे मामले पर सतत निगरानी रखें और जरूरत पड़ने पर प्रशासन को समय-समय पर अवगत कराते रहें, ताकि किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment