असल नाम-पता छिपाकर 2017 में बनवाया पासपोर्ट, पुलिस ने दस्तावेज व नकदी के साथ दबोचा
आजमगढ़: जनपद के थाना जीयनपुर पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपना वास्तविक नाम-पता और आपराधिक जानकारी छिपाकर वर्ष 2017 में फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया था। पुलिस के अनुसार, नौशहरा निवासी तबस्सूम पुत्री स्व. निहालुद्दीन की तहरीर पर मामला प्रकाश में आया। शिकायत के आधार पर थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 190/2026 धारा 419/420/467/468/471 भादंवि एवं 12(1)(b) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने 28 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर बेरमा गेट के पास से आरोपी नेहाल हासिम पुत्र स्व. नजीर अहमद निवासी चकसिकठी इस्लामपुरा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ (उम्र करीब 41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक भारतीय पासपोर्ट, एक आधार कार्ड और ₹200 नकद बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने विदेश जाने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा एवं कांस्टेबल शैलेश कुमार यादव शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment