जन्मतिथि व पता बदलकर की गई धोखाधड़ी, पुलिस ने पासपोर्ट बरामद किया
आजमगढ़: थाना मुबारकपुर पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पासपोर्ट भी बरामद किया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने वर्ष 2009 में एक पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद उसने कूटरचना कर अपनी जन्मतिथि व पते में बदलाव करते हुए वर्ष 2024 में दूसरे पते से नया पासपोर्ट बनवा लिया। जांच में दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग विवरण पाए गए, जिससे फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। इस संबंध में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0 117/2026 धारा 118(4), 336(2), 338, 340(2) बीएनएस व 12(1) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान 16 अप्रैल को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिकन्दरपुर पुलिया के पास से सुबह करीब 9:50 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अरविन्द पुत्र स्व. हरिश्चन्द्र है, जो वर्तमान में ग्राम सिकन्दरपुर थाना मुबारकपुर तथा स्थाई रूप से ग्राम हरई इस्माइलपुर थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ का निवासी है। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक पासपोर्ट बरामद हुआ, जिसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 अनिल कुमार सिंह व का0 रमाकान्त यादव शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment