आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर दूसरे के स्थान पर दे रही थी परीक्षा
STF-पुलिस कार्रवाई में पहले हुआ था गिरोह का खुलासा
आजमगढ़ : जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में साल्वर बनकर परीक्षा देने के मामले में वांछित अभियुक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि वर्ष 2025 में माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के अभियान के तहत 6 मार्च 2025 को पण्डित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज, मुडहर ठेकमा में STF व स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। जांच में खुलासा हुआ था कि वास्तविक परीक्षार्थियों के स्थान पर साल्वर आधार कार्ड में फोटो टैम्परिंग कर परीक्षा दे रहे थे। इस मामले में विद्यालय के प्रबंधक विजय तिवारी व प्रधानाचार्य बबिता तिवारी द्वारा परीक्षार्थियों से अवैध धनराशि लेकर इस कृत्य को अंजाम देने की बात सामने आई थी। मौके से कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि कुछ फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान रश्मी बिन्द पुत्री रामफेर बिन्द निवासी संदहा थाना मेहनगर का नाम प्रकाश में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी व उनकी टीम ने अभियुक्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्ता ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती के लिए माफी मांगी और न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कही। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment