.

आजमगढ़: फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने को विशेष कैंप, डीएम ने की समीक्षा


लापरवाही या फर्जी रिपोर्ट पर होगी कड़ी कार्रवाई, किसानों से संवाद कर बताया लाभ

आजमगढ़ : जनपद में फार्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शनिवार को प्रातः 06:15 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास खंड के अधिक पेंडेंसी वाले ग्रामों में विशेष कैंप आयोजित कर सुबह के समय किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि खेत जाने से पहले ही उनका पंजीकरण हो सके। बैठक के बाद उन्होंने विकासखंड बिलरियागंज के प्राथमिक विद्यालय मधनापार में आयोजित विशेष कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र किqसान इस योजना से वंचित न रहे और अभियान चलाकर इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता योजना ‘एग्रीस्टैक’ के तहत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों सहित सभी भूमिधारक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा रही है। जिन क्षेत्रों में पंजीकरण शेष है, वहां विशेष कैंप लगाकर कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। बैठक में 22 नोडल अधिकारियों को ऑनलाइन फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही निर्देश दिया गया कि एडीओ (कृषि), एटीएम, बीटीएम, लेखपाल, ग्राम सचिव व पंचायत सहायक कैंप में उपस्थित रहकर किसानों की सहायता सुनिश्चित करें। कैंप के दौरान किसानों ने शिकायत की कि कुछ कार्मिक बिना स्थलीय सत्यापन के गलत रिपोर्ट लगा देते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि जांच में गलत सूचना या फर्जी रिपोर्ट पाई गई तो संबंधित कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, उपनिदेशक कृषि आशीष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment