.

आजमगढ़: मुठभेड़ में हत्या का आरोपी घायल, पुलिस ने दबोचा


बारात में कूलर की हवा के विवाद में हुई थी चाकूबाजी, दो आरोपी अब भी फरार

आजमगढ़: जीयनपुर थाना क्षेत्र में बारात के दौरान कूलर की हवा की दिशा को लेकर हुए विवाद में हुई हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार देर रात बासूपार-घड़सरा मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान तीन युवक सामने आए और पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नीरज निषाद पुत्र रामसुफल निषाद निवासी मोहल्ला इंदिरा नगर, कस्बा अजमतगढ़, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़, के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की पहचान आशीष निषाद पुत्र श्रीकांत निषाद और सोनू निषाद पुत्र जितेंद्र निषाद निवासी इंदिरा नगर, अजमतगढ़ के रूप में हुई है। दोनों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गौरतलब है कि 28 अप्रैल की रात अजमतगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कूलर की हवा की दिशा बदलने को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और मारपीट के साथ चाकूबाजी शुरू हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मामले में राजेश निषाद पुत्र पशुराम निषाद निवासी बेलसड़ी, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर की तहरीर पर थाना जीयनपुर में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की गई है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम सक्रिय है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment