27 अप्रैल से 26 मई तक चलेंगे चिन्हांकन शिविर, कृत्रिम अंग, पेंशन व अन्य योजनाओं का मिलेगा लाभ
आजमगढ़: जनपद में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार लाभ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष चिन्हांकन शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के आदेश पर यह शिविर 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 26 मई 2026 तक विभिन्न विकास खंडों में लगाए जाएंगे। जारी आदेश के अनुसार इन शिविरों में दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण, पेंशन, शादी-विवाह प्रोत्साहन राशि, दुकान निर्माण/संचालन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही यूडीआईडी कार्ड भी बनवाए जाएंगे। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण (व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र आदि), शादी-विवाह प्रोत्साहन (₹15 हजार से ₹35 हजार तक) दुकान निर्माण/संचालन सहायता, दिव्यांग पेंशन, यूडीआईडी कार्ड, निःशुल्क सर्जरी व उपचार सुविधा का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। आदेश के मुताबिक शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे। पहले चरण में 27 अप्रैल को पल्हनी से शुरुआत होगी, इसके बाद मिर्जापुर, कोयलसा, महाराजगंज, हरैया, अजमतगढ़, बिलरियागंज, फूलपुर, पवई सहित सभी विकास खंडों में क्रमवार आयोजन किया जाएगा। दूसरे चरण में मई माह के दौरान मेहनगर, पल्हना, तरवां, अहरौला, मार्टिनगंज, ठेकमा, मुहम्मदपुर, पल्हनी, रानी की सराय, जहानागंज, सठियांव, तहबरपुर और अतरौलिया में शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, फोटो, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो), बैंक पासबुक आदि दस्तावेज साथ लाने होंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक दिव्यांगजन लाभान्वित हों। साथ ही ग्राम स्तर तक जानकारी पहुंचाने के लिए पंचायत व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद लेने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद का कोई भी दिव्यांग व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment