बेटी की शादी वाले घर में मातम, ₹1 लाख नकद समेत कीमती सामान गायब; गांव में दहशत
आजमगढ़: जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के चांदपुर हरिजन बस्ती में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना ने खासकर एक परिवार की शादी की खुशियों को गम में बदल दिया, जहां दो दिन बाद तिलक कार्यक्रम होना था। जानकारी के अनुसार, चोर घरों के पीछे के रास्ते छत पर चढ़कर अंदर घुसे और सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर गए। सीढ़ियों पर दरवाजा न होने का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। रातभर चोरी होती रही और परिवारों को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब लोग जागे तो बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया। पीड़ित जगदीश राम पुत्र बलदेव राम ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय है और 25 अप्रैल को तिलक जाना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन चोरों ने बक्सा तोड़कर दो सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, नथुनी, कान के झाले, चांदी के आभूषण, नई साड़ियां और तिलक के लिए रखे ₹1 लाख नगद चोरी कर लिए। उन्होंने रोते हुए बताया कि इस रकम की जानकारी सिर्फ उन्हें और उनकी पत्नी को थी। इसी क्रम में चोरों ने उनके भाई श्रीनाथ पुत्र बलदेव राम के घर से एक एंड्रायड मोबाइल, ₹1500 नगद, चांदी की अंगूठी व अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं तीसरे घर में कमला राम पुत्र स्व. राजदेव राम के यहां भी चोरों ने जमकर हाथ साफ किया। यहां शादी में आई बेटी और परिवार की बहुओं के सोने-चांदी के कई आभूषण, जैसे नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र, पायल, लॉकेट व अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, स्थानीय पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि एक ही रात में तीन घरों में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। वहीं पीड़ित परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चिंता बेटी की शादी संपन्न कराने की है।
Blogger Comment
Facebook Comment