.

आजमगढ़: यूपी बोर्ड हाईस्कूल में विवेक और इंटर में जागृति ने किया जिले में टॉप




विवेक यादव और अनु यादव ने हाईस्कूल प्रदेश मेरिट में टॉप 10 में स्थान बनाया

आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार शाम परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जनपद आजमगढ़ में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों में हलचल तेज हो गई, वहीं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं अपने परिणाम को लेकर पूरे दिन उत्सुक नजर आए। इंटरनेट और साइबर कैफे पर भी परिणाम देखने के लिए छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी।इस वर्ष जनपद में मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया। फूलपुर क्षेत्र के ऊपरी अंबारी स्थित सोनी चिल्ड्रन इंटर कॉलेज के छात्र विवेक यादव ने हाईस्कूल परीक्षा में 96.50% अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया। विवेक ने प्रदेश की मेरिट में 8वाँ स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। वहीं हाई स्कूल में ही श्री बलरामबेंचू हाईस्कूल की छात्र अनु यादव ने 96.17 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश मेरिट के टॉप 10 में स्थान हासिल किया। हाईस्कूल के जिला टॉपर विवेक यादव एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता कमलेश यादव आटा चक्की चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विवेक ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। विवेक तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए भविष्य में आईआईटी से इंजीनियर बनकर देश की सेवा करने की इच्छा जताई है। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में हरिया स्थित आशा ज्योति इंटर कॉलेज की छात्रा जागृति सिंह ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। जागृति की इस सफलता से विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों और परिजनों ने मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। रिजल्ट घोषित होने के बाद कई स्कूलों में टॉपर छात्रों का सम्मान भी किया गया। अभिभावकों और शिक्षकों ने इसे मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment