.

आजमगढ़: मण्डलायुक्त ने दिया कानून-व्यवस्था पर सख्ती के निर्देश


त्योहारों व परीक्षाओं को लेकर अलर्ट रहने, अपराधियों पर गुण्डा एक्ट में कार्रवाई के निर्देश

आजमगढ़: मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मण्डलीय कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मण्डलायुक्त सभागार में हुई इस बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह सहित तीनों जनपदों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मण्डल में संचालित अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध गुण्डा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अपराध पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके। मण्डलायुक्त ने आगामी त्योहारों और प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने अवगत कराया कि महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, अंबेडकर जयंती, हनुमान जयंती, परशुराम जयंती और होमगार्ड भर्ती परीक्षा जैसे आयोजनों को पुलिस व प्रशासन के समन्वय से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी आयोजनों को भी इसी प्रकार सकुशल संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी पैरवी कर सजा दिलाई जा रही है। जनपद बलिया में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद किया गया है। महिला अपराधों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई जारी है तथा पॉक्सो एक्ट के मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक कार्यवाही की गई है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आई है। बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह सहित अभियोजन अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment