.

आजमगढ़: गुमशुदा युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका


गले पर कट के निशान, एसओजी व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी; परिजनों में कोहराम

आजमगढ़: जनपद के थाना तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसरुद्दीनपुर में एक गुमशुदा युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान क्षेत्र के ही निवासी सूरज प्रजापति (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से लापता बताया जा रहा था। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने का प्रयास किया।
मामले की जांच के लिए एसओजी टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर कटने के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि युवक के गुमशुदा होने के बाद अब उसका शव बरामद हुआ है। गले पर कट के निशान मिलने के चलते सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment