मान्यता दिलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत,रजिस्ट्रार का स्टेनो है आरोपित
आजमगढ़: जिले के महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में गोरखपुर विजिलेंस टीम ने छापेमारी की। टीम ने रजिस्ट्रार डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा के स्टेनो संजय यादव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने स्टेनो के कार्यालय की अलमारी की तलाशी ली, जहां से 1 लाख 80 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। पीड़ित सुधीर सिंह ने शिकायत में बताया कि उनसे डिग्री कॉलेज की मान्यता दिलाने के नाम पर 3 लाख रुपये की मांग की गई थी। तय हुआ था कि 50 हजार रुपये पहले और बाकी ढाई लाख रुपये काम होने के बाद लिए जाएंगे। रामबचन महिला विद्यालय के प्रबंधक सुधीर सिंह ने इस मामले की शिकायत विजिलेंस टीम से की थी। उनका आरोप है कि रजिस्ट्रार के कहने पर ही स्टेनो संजय यादव रिश्वत की मांग कर रहा था। विजिलेंस टीम ने पहले से योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही सुजीत सिंह ने 50 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर ही संजय यादव को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment