अतरौलिया थाना क्षेत्र की घटना,पुलिस को पोस्टमार्टम का इंतजार
आजमगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र के भेलाडाड़ गांव में पारिवारिक रंजिश ने बुधवार को भयावह रूप ले लिया, जहां एक मनबढ़ युवक पर अपने ही परिवार के बुजुर्ग सदस्य की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेलाडाड़ गांव निवासी सुनीता मिश्रा पत्नी दीनानाथ मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके जेठ का पुत्र पवन कुमार मिश्रा (पुत्र शम्भूनाथ मिश्रा) लंबे समय से परिवार को प्रताड़ित कर रहा था। वह दबंगई के बल पर आए दिन गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी देता था। बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान आरोपी पवन मिश्रा ने आपा खोते हुए 80 वर्षीय रामसिंगार मिश्रा पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुजुर्ग को बुरी तरह पीटा, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और एक हाथ टूट गया। घटना के बाद परिजन घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन अंशिका मिश्रा ने आरोप लगाया कि पवन मिश्रा पाटीदारों के बहकावे में आकर अक्सर मारपीट करता था और इसी उकसावे में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साक्ष्यों के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Blogger Comment
Facebook Comment