.

आजमगढ़: जिले के 20 केंद्रों पर होगी नीट (यूजी)-2026 परीक्षा, 9539 परीक्षार्थी होंगे शामिल


डीएम ने बैठक कर पुख्ता व्यवस्थाओं के निर्देश दिए,केंद्र के 100 मीटर दायरे में सख्त प्रतिबंध लागू


आजमगढ़: जनपद में आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा एनटीए के नोडल अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 9539 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शीतल पेयजल तथा सभी कक्षों में पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर ओआरएस सहित आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं, वहीं बायोमेट्रिक सत्यापन स्थलों पर छाया की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि सभी कर्मचारियों की ड्यूटी लिखित रूप से लगाई जाए तथा समय से ऑब्जर्वर की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है, जबकि उपजिलाधिकारी सदर, सगड़ी व निजामाबाद को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पहले से लागू धारा 144 के तहत परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में कड़े प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों, ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा। साथ ही इस परिधि में फोटोस्टेट व कॉपियर की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, पेजर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी रोक रहेगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्ति तक किसी भी अभ्यर्थी या प्रश्नपत्र को केंद्र से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के पहचान पत्र तथा परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र को ही उनका पास माना जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, एनटीए के नोडल अधिकारी, नवोदय विद्यालय जीयनपुर के प्रधानाचार्य (सिटी कोऑर्डिनेटर नीट यूजी-2026) सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment