.

आजमगढ़: 24 घंटे में हत्या का खुलासा, बारात से ले जाकर युवक की ईंट से हत्या


बाल अपचारी अभिरक्षा में; साक्ष्य मिटाने की कोशिश नाकाम

आजमगढ़: जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में ले लिया है। युवक की हत्या बारात से बहाने से ले जाकर ईंट से वार कर की गई थी, जिसके बाद शव को छिपाने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को ग्राम नासिरूद्दीनपुर निवासी रामधारी प्रजापति ने सूचना दी कि उनका भतीजा सूरज प्रजापति, जो एक बारात में गया था, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बाद में उसका शव गांव के कब्रिस्तान में झाड़ियों के बीच बरामद हुआ। मामले में हत्या की आशंका के आधार पर थाना तहबरपुर में मु0अ0सं0 63/2026 धारा 103(1)/238 भा0न्या0सं0 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर नैपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाल अपचारी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बाल अपचारी मृतक से पुराने विवाद के चलते रंजिश रखता था। घटना वाले दिन उसने योजना के तहत बारात के दौरान पत्तल लाने के बहाने सूरज प्रजापति को मोटरसाइकिल से सुनसान नहर किनारे ले गया और पीछे से ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले नहर में छिपाया और फिर घसीटकर कब्रिस्तान की झाड़ियों में डाल दिया। वारदात के बाद वह दोबारा बारात में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़े और जूते छिपाकर उन्हें जलाने जा रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से ₹310 नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल (OPPO), मोटरसाइकिल HF डीलक्स (UP 50 CF 7963) तथा खून से सने कपड़े व जूते बरामद किए गए हैं। तहबरपुर थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment