.

आजमगढ़: आमने-सामने दो बाइक में टक्कर,दो युवकों की मौत


तीन युवक गंभीर रूप से घायल; परिजनों में मचा कोहराम

आजमगढ़: जनपद के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरुखा गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब युवक शादी समारोह से लौट रहे थे। आमने-सामने तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की जोरदार टक्कर में यह भीषण दुर्घटना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद गाजीपुर के थाना खानपुर क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र यादव पुत्र राजेंद्र यादव (उम्र 29 वर्ष) एवं अंकित यादव पुत्र रामनारायण यादव (उम्र 17 वर्ष) शादी समारोह में शामिल होने के बाद जौनपुर के चंदवक स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पचरुखा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में धर्मेंद्र यादव और अंकित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र यादव का चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा था, जबकि उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था। वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक—हर्ष चौहान पुत्र प्रवेश चौहान निवासी हाफिजपुर थाना कोतवाली आजमगढ़ (उम्र 19 वर्ष), सत्येंद्र चौहान पुत्र लालचंद्र चौहान निवासी हाफिजपुर थाना कोतवाली (उम्र 26 वर्ष) तथा सामंत चौहान पुत्र अरविंद चौहान निवासी थाना कोतवाली आजमगढ़ (उम्र 15 वर्ष)—गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए आजमगढ़ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजन बदहवास हो उठे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment