.

आजमगढ़: दो मुठभेड़ों में अंतर्राज्यीय चोर व हिस्ट्रीशीटर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार


जहानागंज में पीजीआई चोरी कांड का खुलासा, फूलपुर में जानलेवा फायरिंग का आरोपी दबोचा गया, अवैध असलहा, नकदी व लाखों का माल बरामद

आजमगढ़ : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य और एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही मामलों में बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी और वे घायल होकर पकड़ लिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई थाना जहानागंज और थाना फूलपुर पुलिस द्वारा की गई। दोनों घटनाओं में पुलिस टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की।
जहानागंज: पीजीआई चोरी कांड का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य दबोचा
दो बड़ी चोरी की घटनाओं से दहशत में था क्षेत्र

थाना जहानागंज क्षेत्र स्थित पीजीआई चक्रपानपुर परिसर में 14/15 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों ने आवासों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस, लाइसेंस व नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में मु0अ0सं0–59/2026 धारा 305/331(4) बीएनएस दर्ज किया गया था।
इसके बाद 19 मार्च को फिर एक अन्य आवास में चोरी की घटना हुई, जिसमें मु0अ0सं0–62/2026 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। दिनांक 18 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य क्षेत्र में मौजूद है। इस पर पुलिस ने गंभीरवन क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त का पूरा विवरण
संजय भील उर्फ संजू पुत्र भंवर सिंह, निवासी जिला धार (मध्यप्रदेश), उम्र करीब 22 वर्ष
बरामदगी: लाखों का माल और असलहा मिला जिसमें  01 देशी तमंचा (.315 बोर), 02 जिन्दा कारतूस व 01 खोखा कारतूस, 34 ग्राम सोने की 02 सिल्ली, 04 जोड़ी पायल व 10 सिक्के, ₹40,000 नकद, अन्य चोरी का सामान, कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य करीब ₹6.5 लाख है। पूछताछ में अभियुक्त ने कबूल किया कि वह अपने साथियों अनिल भील पुत्र भुवन, निवासी अलीराजपुर (म.प्र.), भारत पुत्र रमेश, निवासी धार (म.प्र.), दिनेश पुत्र जोत सिंह, निवासी धार (म.प्र.) के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में सरकारी संस्थानों व आवासीय परिसरों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी करता था। चोरी के आभूषणों को पिघलाकर सिल्ली बना देता था, ताकि पहचान न हो सके। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वहीं फूलपुर में एक दिन पहले युवक को गोली मारने वाला हिस्ट्रीशीटर केसरी चौहान मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। करने में दर्ज मामले में आरोपी केसरी चौहान ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते वादी पक्ष पर जानलेवा फायरिंग की थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। 19 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भोरमऊ पुलिया के पास घेराबंदी की। संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त केसरी चौहान पुत्र बासुदेव चौहान, निवासी मेहमौनी थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 47 वर्ष है। उसके पास से 01 देशी तमंचा (.315 बोर),01 जिन्दा कारतूस व 02 खोखा कारतूस, 01 सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल व नकदी बरामद हुई। अभियुक्त केसरी चौहान पर हत्या, चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित 14 से अधिक गंभीर मुकदमे पंजाब व उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।इस पूरी कार्रवाई में थाना जहानागंज से थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उ0नि0 अभिषेक सिंह, उ0नि0 अजय निषाद और थाना फूलपुर से थानाध्यक्ष सच्चिदानंद, व0उ0नि0 गंगा राम बिन्द, उ0नि0 नवनीत सिंह, उ0नि0 दिनेश त्रिपाठी ने अहम भूमिका निभाई। दोनों घटनास्थलों का फील्ड यूनिट द्वारा निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। घायल अभियुक्तों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment