फूलपुर क्षेत्र में सनसनी, आरोपी पति फरार, घायल युवक की हालत गंभीर
आजमगढ़: जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में अवैध प्रेम संबंध को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन बच्चों की मां से प्रेम संबंध रखना युवक को भारी पड़ गया, जब महिला के पति ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश यादव पुत्र रामआसरे यादव निवासी ग्राम वैसाडीह, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ का एक विवाहिता महिला से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। महिला तीन बच्चों की मां बताई जा रही है। इस संबंध की जानकारी होने पर महिला का पति पहले से ही नाराज चल रहा था और कई बार विवाद भी हो चुका था। बताया जा रहा है कि एक दिन पूर्व पति ने महिला से मारपीट की जिससे वह चोटिल हो गई थी, शनिवार को राकेश यादव महिला को इलाज के लिए ले जा रहा था, इसी दौरान महिला का पति वहां आ गया। गुस्से में आकर उसने अवैध तमंचे से राकेश पर फायर कर दिया। गोली लगते ही राकेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से घायल राकेश यादव पुत्र रामआसरे यादव निवासी ग्राम वैसाडीह, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गोली मारने के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment