.

आजमगढ़: ड्यूटी के साथ सेहत और परिवार का संबल: पुलिस लाइन में जिम, योगा सेंटर व डे-केयर की सौगात









वामा सारथी की पहल से 4500 वर्गफीट में अत्याधुनिक सुविधाएं शुरू; महिला कर्मियों के लिए क्रेश, लाइब्रेरी से मिलेगा मानसिक सुकून

आजमगढ़: कड़ी ड्यूटी और तनावपूर्ण माहौल में दिन-रात तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों की सेहत और उनके परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जनपद में एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस लाइन परिसर में वामा सारथी संस्था के सहयोग से अत्याधुनिक जिम, योगा केंद्र, डे-केयर (क्रेश) और लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। यह पहल पुलिस कर्मियों के जीवन में संतुलन और सुविधा लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह व उनकी धर्मपत्नी मीनाक्षी सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार व उनकी धर्मपत्नी दीपशिखा ने पुलिस लाइन में करीब 4500 वर्गफीट क्षेत्रफल में बने अत्याधुनिक जिम, योगा केंद्र, क्रेश और पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। अधिकारियों ने कहा कि इन सुविधाओं से पुलिस कर्मियों की शारीरिक फिटनेस मजबूत होगी, वहीं योग व पुस्तकालय के माध्यम से मानसिक तनाव कम करने में भी मदद मिलेगी। पुलिस लाइन में स्थापित डे-केयर सेंटर (क्रेश) महिला पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। ड्यूटी के दौरान बच्चों की देखभाल की चिंता अब कम होगी, जिससे वे निश्चिंत होकर अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगी।
पुलिस कर्मियों के लिए एक समृद्ध लाइब्रेरी भी तैयार की गई है। यहां उन्हें पढ़ाई, प्रतियोगी तैयारी और मानसिक सुकून के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। अधिकारियों ने इसे “तनाव के बीच सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र” बताया।
इस पहल के पीछे एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व साफ झलकता है। पुलिस कर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए उठाए गए इन कदमों से न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि पुलिस परिवारों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा। उद्घाटन के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों के सम्मान में “बड़ाखाना” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डीआईजी सुनील कुमार सिंह व एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सपत्नीक सहभागिता करते हुए आरक्षियों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन किया। अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन व उनकी धर्मपत्नी मोहित जैन
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रशिक्षणरत महिला आरक्षी व पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment