₹7.35 करोड़ कीमत के गांजा, स्मैक व डायजापाम का विनष्टीकरण, कड़ी सुरक्षा में पूरी हुई कार्रवाई
आजमगढ़: जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत विभिन्न थानों से बरामद कुल 864.184 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹7,35,55,640 आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा न्यायालय/संबंधित प्राधिकारी के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई। विनष्टीकरण में गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम सहित अन्य नशीले पदार्थ और करीब 1000 डायजापाम टैबलेट्स शामिल रहीं। पुलिस के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्रा. लि., भादो (माहुल, मार्टीनगंज) स्थित औद्योगिक इकाई में स्थापित इंसीनरेटर/ब्वायलर के माध्यम से मानक प्रोटोकॉल के तहत कराई गई। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई गई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश मिश्रा (प्रभारी विशेष मालखाना निस्तारण सेल), आरक्षी प्रदीप कुमार शाह व मुकेश कुमार गिरी (डीसीआरबी) समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य जनपद में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग व तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
Blogger Comment
Facebook Comment