.

आजमगढ़: बारजा निकलने के विवाद में चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार


पहले हो चुका था समझौता, फिर भड़का विवाद; गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित

आजमगढ़: मेंहनगर थाना क्षेत्र के चक कटात गांव में बारजा निकालने के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शनिवार की शाम चचेरे भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक भाई ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहन राम पुत्र पलटन राम निवासी ग्राम चक कटात, थाना मेंहनगर, जनपद आजमगढ़ का अपने पट्टीदारों से घर के बारजा निकालने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी क्रम में शनिवार शाम उसका अपने चचेरे भाई विजेंद्र राम पुत्र लौटन राम निवासी ग्राम चक कटात, थाना मेंहनगर, जनपद आजमगढ़ से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान मोहन राम ने विजेंद्र राम पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल विजेंद्र को परिजन तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मोहन राम मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय व थाना प्रभारी मेंहनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर नामजद अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे आपसी सहमति से सुलझा लिया गया था, लेकिन पुनः विवाद बढ़ने पर यह घटना घटित हो गई।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment